नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। इस बीच तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक अभिनेता थलपति विजय की पार्टी तमिलागा वेट्री कज़गम (TVK) शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है।
ताजा रुझानों में TVK करीब 100 सीटों पर आगे बताई जा रही है, हालांकि चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार पार्टी 47 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं AIADMK 44 सीटों और सत्तारूढ़ DMK 20 सीटों पर आगे है। खास बात यह है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी कोलाथुर सीट से पीछे चल रहे हैं।
बदल सकती है तमिलनाडु की सियासत
TVK का उभरना राज्य की पारंपरिक द्विध्रुवीय राजनीति के अंत का संकेत माना जा रहा है। अब तक DMK और AIADMK के बीच सिमटी राजनीति में TVK तीसरी बड़ी ताकत बनकर उभरी है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो TVK सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है। वहीं खंडित जनादेश की स्थिति में विजय ‘किंगमेकर’ या खुद ‘किंग’ की भूमिका में भी नजर आ सकते हैं।
फिल्मी दुनिया से सियासत तक का सफर
थलपति विजय तमिल सिनेमा के बड़े सितारों में शामिल हैं। उन्होंने 65 से अधिक फिल्मों में काम किया है और ‘मास्टर’ व ‘थेरी’ जैसी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की है। वह तमिल इंडस्ट्री के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेताओं में भी शामिल हैं। फिल्म ‘थलापति 65’ के लिए उन्होंने करीब 100 करोड़ रुपये फीस ली थी।
विजय सुपरस्टार रजनीकांत के बड़े प्रशंसक हैं और बचपन में उनके साथ भी काम कर चुके हैं।
कमाई और संपत्ति
विजय फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट के जरिए सालाना करीब 120 करोड़ रुपये कमाते हैं। उनकी कुल संपत्ति लगभग 420 करोड़ रुपये बताई जाती है। वह चेन्नई में अपने परिवार के साथ लग्जरी बीच हाउस में रहते हैं।
2021 के चुनाव नतीजे
पिछले विधानसभा चुनाव (2021) में DMK ने 159 सीटों के साथ सरकार बनाई थी और उसका वोट शेयर 37.7% रहा था। वहीं AIADMK को 75 सीटें और 33.3% वोट शेयर मिला था।
फिलहाल तमिलनाडु की सियासत में तेजी से बदलते समीकरणों पर पूरे देश की नजर बनी हुई है। अगर रुझान बरकरार रहते हैं, तो राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो सकता है।