पटना: मनेर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹25,000 के इनामी अपराधी तरुण कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पटना के वेस्ट ज़ोन के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था। पुलिस ने उसे पटना जंक्शन के पास से दबोचा।
गौरतलब है कि 29 अप्रैल 2024 को मनेर थाना क्षेत्र के महादेव राय के घर के समीप जमीन विवाद को लेकर दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मनेर थाना कांड संख्या 274/24 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302/34 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मनेर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले ही इस मामले में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
मुख्य आरोपी तरुण कुमार घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया था और लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। आखिरकार उसे पटना जंक्शन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, तरुण कुमार के खिलाफ मनेर थाने में हत्या, आपराधिक साजिश, मारपीट, लूट, छेड़खानी और धमकी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।