बिहार: बिहार में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। राज्य में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। ताजा मामला सहरसा जिले के महिषी प्रखंड के राजनपुर बाजार से सामने आया है, जहां रंगदारी नहीं देने पर अज्ञात बदमाशों ने एक दवा दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मेडिकल स्टोर चलाने वाले मीर अहद से अपराधियों ने 10 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की थी। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके कंधे में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल दुकानदार को तुरंत एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। इलाज कर रहे डॉक्टर विजय शंकर ने बताया कि गोली कंधे में फंसी हुई है और मीर अहद को सीटी स्कैन के लिए भेजा गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर निवास कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।