दिल्ली में मुख्यमंत्री पद का सस्पेंस जारी, आज तय होगा अगला मुख्यमंत्री

The suspense over the post of Chief Minister continues in Delhi, the next Chief Minister will be decided today

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए 10 दिन से ज्यादा वक्त हो चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री पद पर सस्पेंस अब भी जारी है। हालांकि, आज शाम 7 बजे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों की बैठक में यह तय हो जाएगा कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा। बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा और फिर दिल्ली की गद्दी पर कौन काबिज होगा, यह स्पष्ट हो जाएगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की रेस में कई नाम चल रहे हैं, लेकिन रेखा गुप्ता (BJP MLA Rekha Gupta) को रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, RSS ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा है, जिसे पार्टी ने मान लिया है।

कौन हैं रेखा गुप्ता?
दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से चुनाव जीतने वाली रेखा गुप्ता एलएलबी पास हैं। यदि दिल्ली में किसी महिला को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाती है, तो रेखा गुप्ता की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। रेखा का जन्म हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव में हुआ था, लेकिन उनका परिवार जल्दी ही दिल्ली शिफ्ट हो गया। उनकी शिक्षा दिल्ली में हुई और इसी दौरान वे ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) से जुड़ीं और राजनीति में सक्रिय हो गईं। रेखा गुप्ता वैश्‍य समुदाय से आती हैं, जो दिल्ली में अच्छी खासी तादाद में हैं और BJP के कोर वोटर माने जाते हैं।

रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ बने पर्यवेक्षक
दिल्ली में विधायक दल के नेता के चयन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पार्टी के 48 विधायक दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री के लिए नेता का चयन करेंगे। यह बैठक शाम 7 बजे भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में होगी। बैठक के बाद, भावी मुख्यमंत्री राजनिवास में दिल्ली के उपराज्यपाल से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

भव्य शपथ ग्रहण की तैयारी
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां रामलीला मैदान में जोर-शोर से चल रही हैं। यह समारोह गुरुवार दोपहर 12 बजे होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। समारोह में लगभग 50,000 लोग शामिल हो सकते हैं।

सीएम की रेस में अन्य नाम
सीएम की रेस में प्रवेश वर्मा का नाम भी शामिल है, जिन्होंने विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल को हराया था। इसके अलावा, BJP के दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, पवन शर्मा, आशीष सूद और शिखा राय भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल हैं।

क्या BJP फिर देगी सरप्राइज?
कुछ पार्टी नेताओं का मानना है कि BJP अपने पिछले राज्यों की तरह दिल्ली में भी एक नया सरप्राइज दे सकती है। राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में BJP ने मुख्यमंत्री का चयन करके सभी को चौंकाया था, और दिल्ली में भी ऐसा हो सकता है। बवाना से विधायक रवींद्र इंद्राज सिंह और मादीपुर से विधायक कैलाश गंगवाल को इस रेस में ‘छुपे रुस्तम’ के रूप में देखा जा रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment