वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब जिला जज को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में वाराणसी की कचहरी, इलाहाबाद हाईकोर्ट और अयोध्या समेत प्रदेश के कई अन्य न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मेल भेजने वाले ने दोपहर 1 बजे तक 18 सिलसिलेवार धमाके करने की बात कही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई।
कचहरी और कलक्ट्रेट खाली, संदिग्ध अटैची मिलने से बढ़ी चिंता
धमकी मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया। सुरक्षा के मद्देनजर वाराणसी कचहरी परिसर को तत्काल खाली कराया गया। साथ ही कलक्ट्रेट परिसर और रजिस्ट्री कार्यालयों को भी एहतियातन बंद कराया गया है। इसी दौरान परिसर में एक लावारिस अटैची मिलने से अफरा-तफरी और बढ़ गई। बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुटा है।
ईमेल में अयोध्या कचहरी का भी उल्लेख होने के कारण वहां भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। अयोध्या में न्यायालय परिसर को खाली कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
तमिलनाडु से जुड़ा बताया जा रहा ईमेल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरा ईमेल तमिलनाडु निवासी ‘सुनिया डासन’ नामक व्यक्ति की आईडी से भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में साइबर सेल ईमेल की सत्यता और प्रेषक की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न एजेंसियां सतर्क हैं।
ईमेल में लगाए गए गंभीर आरोप
ईमेल में बम धमाकों की धमकी के अलावा तमिलनाडु सरकार और मीडिया से जुड़े कथित आरोपों का भी जिक्र किया गया है। मेल में कुछ पत्रकारों और अन्य व्यक्तियों को लेकर आपत्तिजनक दावे किए गए हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
फिलहाल सभी संबंधित न्यायालय परिसरों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।