NEET छात्रा रेप-मौत मामले की गूंज अब दिल्ली तक पहुंच गई है। वहीं बिहार सरकार सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर रोक लगाने की तैयारी में है और AI तकनीक से 31 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी गई है। इसके अलावा देश और राज्य से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आई हैं।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन
महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत कुल 5 लोगों की मौत हुई, जिनमें उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर शामिल हैं। उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत कई नेताओं ने गहरा शोक जताया। लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने भी इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की।
NEET छात्रा रेप-मौत मामले की जांच तेज
पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल से जुड़ी NEET छात्रा की रेप के बाद मौत मामले की जांच जारी है। SIT छात्रा की डिजिटल और फिजिकल मूवमेंट की पड़ताल कर रही है। अब तक 25 लोगों के DNA सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें हॉस्टल संचालक के बेटे का नाम भी शामिल है। छात्रा की 11 दिन की ट्रैवल हिस्ट्री, कॉल डिटेल, मोबाइल टावर लोकेशन और सर्च हिस्ट्री खंगाली जा रही है। छात्रा के नाबालिग होने की पुष्टि के बाद मामले में POCSO एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
दिल्ली तक पहुंचा NEET केस का मामला
NEET छात्रा की मौत को लेकर पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने हॉस्टल संचालक, डॉक्टर और स्थानीय पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगाया और निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां “बड़ी मछलियों” को बचाने की कोशिश कर रही हैं और पीड़ित परिवार को परेशान किया जा रहा है।
गया में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद
बोधगया के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान एक आवेदक ने CO पर 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएम ने एसएसपी को तत्काल जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
पटना में RSS प्रमुख मोहन भागवत
RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने पटना में कहा कि संघ की स्थापना संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने विजय निकेतन में उद्यमियों और शैक्षणिक संस्थानों के संचालकों से संवाद करते हुए संघ के विचार और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
UGC बिल 2026 को लेकर विरोध प्रदर्शन
UGC बिल 2026 के खिलाफ पटना में ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन और स्वर्ण समाज एकता मंच के बैनर तले प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री व गृह मंत्री के पोस्टरों पर कालिख पोती। उन्होंने बिल को “काला कानून” बताते हुए वापस लेने की मांग की।
पटना सिविल कोर्ट में हथियार के साथ युवक गिरफ्तार
पटना सिविल कोर्ट की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। चेकिंग के दौरान एक युवक को पिस्टल के साथ पकड़ा गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर लगेगी रोक
बिहार सरकार सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के लिए डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर पूरी तरह रोक लगाने की तैयारी कर रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित की है, जो जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। यह कदम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणा के बाद उठाया गया है।
एक साथ कई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
भागलपुर, सीवान, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय और समस्तीपुर कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद कोर्ट परिसरों को खाली कराकर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते से सघन तलाशी ली गई। न्यायालय का कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
AI से 31 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा
बिहार में AI तकनीक के जरिए बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी पकड़ी गई है। जमीन और भवन के निबंधन में मूल्यांकन की गड़बड़ी कर की गई इस टैक्स चोरी में 838 दस्तावेज चिह्नित किए गए हैं। निबंधन विभाग ने संबंधित जमीन मालिकों से 31 करोड़ रुपये की वसूली का आदेश दिया है।