समस्तीपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया। यह धमकी जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमे को तुरंत अलर्ट कर दिया गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सदर डीएसपी समेत भारी संख्या में पुलिस बल कोर्ट परिसर पहुंचा और पूरे कैंपस को खाली करा लिया गया।
इसके बाद मेटल डिटेक्टर, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद से कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली गई। धमकी की खबर फैलते ही कोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस धमकी भेजने वाले की पहचान और ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
इसी दिन बिहार के कई अन्य जिलों में भी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकियों से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई। पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और सीवान समेत कई जगहों पर कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इस बीच पटना सिविल कोर्ट परिसर से दो युवकों को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किए जाने की घटना ने प्रशासन की सतर्कता और बढ़ा दी है। पीरबहोर थाना पुलिस ने नियमित जांच के दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा, जिनसे हथियार बरामद किए गए। पुलिस यह जांच कर रही है कि उनका संबंध किसी धमकी या साजिश से तो नहीं है।
मुजफ्फरपुर में हाईकोर्ट को भेजे गए एक धमकी भरे ई-मेल में दोपहर 1 से 2 बजे के बीच बम विस्फोट की बात कही गई थी। इसके बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र खुद मौके पर पहुंचे और सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता पूरे परिसर की गहन जांच कर रहा है।
वहीं भागलपुर व्यवहार न्यायालय और सीवान सिविल कोर्ट को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। दोनों जगहों पर कोर्ट का कामकाज रोक दिया गया, भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बिना पहचान पत्र के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
फिलहाल राज्य के कई जिलों में कोर्ट परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साइबर सेल धमकी भरे ई-मेल की जांच कर रही है और पुलिस सभी घटनाओं को जोड़कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं यह किसी संगठित साजिश का हिस्सा तो नहीं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।