बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें बी.ए. सेमेस्टर-2 की परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा हरदिया चौक के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार छात्र को कुचल दिया।
मृतक छात्र की पहचान नयागांव थाना क्षेत्र के माथार दियारा निवासी राजेंद्र सिंह के 20 वर्षीय पुत्र कौशल कुमार के रूप में हुई है। कौशल अपनी बाइक से मंझौल स्थित परीक्षा केंद्र जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि कौशल पढ़ाई में होनहार था और परिवार को उससे ढेरों उम्मीदें थीं। लेकिन एक लापरवाह ट्रक ड्राइवर ने परिवार की सारी खुशियों को छीन लिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मुफस्सिल थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।