जिला उधमपुर के दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्र बसंतगढ़ के घने जंगलों में गुरुवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक शीर्ष आतंकी को मार गिराया, जो कथित रूप से आतंकियों के समूह का सरगना था। वहीं, तीन अन्य आतंकी अब भी सुरक्षाबलों के घेरे में हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मारे गए आतंकी और उसके साथी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं। इनके पास से अत्याधुनिक एम-4 कार्बाइन जैसे घातक हथियार बरामद हुए हैं।
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है और ‘ऑपरेशन बिहाली’ के तहत तलाशी अभियान लगातार जारी है। यह अभियान सेना की व्हाइट नाइट कोर और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई है। खुफिया जानकारी के आधार पर गुरुवार सुबह अभियान शुरू किया गया था, और सुबह करीब 8:30 बजे आतंकियों से आमना-सामना होने पर दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
सुरक्षाबलों के मुताबिक, अभी भी तीन आतंकी घने जंगल में फंसे हुए हैं, जिनके मारे जाने की प्रबल संभावना है। उन्हें भागने से रोकने के लिए विभिन्न दिशाओं से अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया है।
हालांकि, पहाड़ी इलाका, घनी धुंध और बारिश के कारण अभियान में कुछ दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन सुरक्षा बल पूरी सतर्कता और तालमेल के साथ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
यह ऑपरेशन आगामी अमरनाथ यात्रा (3 जुलाई से शुरू) के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।