अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ऐलान किया कि अमेरिका ने चीन के साथ एक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका जल्द ही भारत के साथ भी एक “बहुत बड़ा” व्यापारिक सौदा कर सकता है।
क्या बोले ट्रंप?
व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा, “हमने अभी-अभी चीन के साथ एक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। हम हर देश के साथ समझौता नहीं करेंगे… लेकिन हमारे पास कुछ शानदार सौदे हैं। बहुत जल्द भारत के साथ भी एक बड़ा सौदा हो सकता है। हम भारत को खोलने जा रहे हैं, ठीक वैसे ही जैसे चीन को व्यापार के लिए खोला जा रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ चीजें जो पहले कभी संभव नहीं थीं, अब हो रही हैं और अमेरिका के लगभग हर देश के साथ अच्छे संबंध बने हुए हैं।
हर देश के साथ नहीं होगा व्यापार समझौता
ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका हर देश के साथ व्यापार समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “कुछ देशों को हम सिर्फ एक पत्र भेजेंगे, जिसमें लिखा होगा – बहुत धन्यवाद, लेकिन आपको 25, 35 या 45 प्रतिशत शुल्क देना होगा।”
भारत-अमेरिका के बीच हो रही है बातचीत
इससे पहले 10 जून को भारत के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि भारत और अमेरिका एक निष्पक्ष और संतुलित व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं, जो दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं के लिए लाभकारी होगा।
अब देखना यह होगा कि अमेरिका और भारत के बीच यह प्रस्तावित “बहुत बड़ा” सौदा कब आकार लेता है और इसके क्या प्रभाव होंगे।