नई दिल्ली—केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात नंबर से आए फोन कॉल में आरोपी ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी। घटना के बाद मंत्री के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मंत्री के निजी सहायक विश्वेंद्र शाह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि दो दिन पहले जब जयंत चौधरी अपने आवास से संसद पहुंचे, तभी उन्हें लगातार तीन-चार बार कॉल किए गए। एक कॉल रिसीव करने पर दूसरी तरफ से सीधे गोली मारने की धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने एक फोटो का जिक्र भी किया।
शाह के मुताबिक, कॉल कटने के बाद जब व्हाट्सएप पर भेजी गई तस्वीर देखी गई, तो उसमें मंत्री की आधिकारिक यात्राओं का शेड्यूल मौजूद था। इतना ही नहीं, उसी फोटो में गोली मारने की धमकी का भी उल्लेख किया गया था, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।
उन्होंने बताया कि किसी भी मंत्री के दौरे का विस्तृत शेड्यूल केवल संबंधित जिले के अधिकारियों के पास ही साझा किया जाता है, लेकिन यह जानकारी आरोपी तक कैसे पहुंची, यह जांच का विषय है। धमकी देने वाले के पास मंत्री के आगरा दौरे का पूरा कार्यक्रम भी मौजूद था।
इस मामले में दिल्ली पुलिस को औपचारिक शिकायत दे दी गई है। जांच के दौरान कॉल करने वाले की लोकेशन मुर्शिदाबाद में ट्रेस की गई है। पुलिस अब आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।