केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया की खराब सेवा की निंदा की

Union Minister Shivraj Singh Chauhan condemned the poor service of Air India

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को एयर इंडिया की भोपाल से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में खराब सीट मिलने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और एयरलाइन की सेवा की आलोचना की। चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने एयर इंडिया की भोपाल-दिल्ली फ्लाइट संख्या एआई436 में यात्रा की थी, जहां उन्हें सीट संख्या 8सी आवंटित की गई। सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी, जिस पर बैठना काफी तकलीफदेह था। जब उन्होंने विमान कर्मियों से पूछा कि खराब सीट क्यों दी गई, तो उन्होंने बताया कि पहले ही प्रबंधन को सूचित किया गया था कि यह सीट ठीक नहीं है, और इसे बेचने से बचना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने बताया कि ऐसी और भी सीटें हैं।

चौहान ने आगे लिखा, “मैंने सोचा था कि टाटा प्रबंधन के तहत एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन यह मेरा भ्रम साबित हुआ।” उन्होंने यह भी कहा कि यात्रियों से पूरी कीमत वसूलने के बाद उन्हें खराब और असहज सीट पर बैठाना अनैतिक है। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या यह यात्रियों के साथ धोखा नहीं है?”

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि अन्य सहयात्रियों ने उनकी परेशानी देखकर उन्हें अच्छी सीट पर बैठने का प्रस्ताव दिया, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह किसी और को असुविधा क्यों देंगे। इसलिए उन्होंने वही खराब सीट ली और यात्रा की।

ज्ञात हो कि एयर इंडिया का अधिग्रहण टाटा ग्रुप ने 2022 में किया था, और तब से एयरलाइन की सेवा में सुधार की कोशिश की जा रही है। पिछले साल दिसंबर में, एयर इंडिया ने एयरबस से 100 अतिरिक्त विमानों का आदेश दिया था, जिसमें 10 वाइडबॉडी ए350 और 90 नैरोबॉडी ए321नियो सहित ए320 विमान शामिल थे। 2023 में एयरलाइन ने एयरबस को 250 विमानों का ऑर्डर दिया था, जिनमें 40 ए350 और 210 ए320 परिवार के विमान शामिल थे। इसके अलावा, एयर इंडिया ने 2023 में बोइंग से 220 विमानों का ऑर्डर भी दिया था।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment