छपरा में छात्रा का शव कुएं से मिलने पर बवाल, सांसद रूडी ने CID जांच की मांग उठाई

Uproar in Chhapra after Student's Body Found in Well; MP Rudy Demands CID Inquiry

छपरा: बिहार के छपरा जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में एक छात्रा का शव कुएं से मिलने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है।

स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी ने इस पूरे मामले पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि घटना को लेकर ग्रामीणों, परिजनों और पुलिस के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे हैं, जिससे कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।

सांसद ने बताया कि 11 मार्च को उनके कंट्रोल रूम को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत एसपी से बात की। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच के बावजूद स्थानीय लोगों का दावा है कि यह आपराधिक मामला है और छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रूडी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी से फोन पर बात कर जांच सीआईडी से कराने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में पत्र भी लिखा है।

सांसद ने कहा कि सीआईडी जांच से सच्चाई सामने आएगी और पूरे मामले में “दूध का दूध, पानी का पानी” हो जाएगा। वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस मांग पर सहमति जताई है।

फिलहाल, पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सांसद ने भरोसा दिलाया है कि वे हर स्थिति में उनके साथ खड़े हैं। वहीं स्थानीय लोग भी मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहे हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment