अमेरिका में फिर शुरू होगी विदेशी छात्रों की वीजा प्रक्रिया, सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक करना होगा अनिवार्य

Visa process for foreign students will start again in America, making social media accounts public will be mandatory

वाशिंगटन: अमेरिका में पढ़ाई का सपना देख रहे विदेशी छात्रों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी विदेश विभाग ने घोषणा की है कि वह एफ, एम और जे वीजा वर्गों (स्टूडेंट और एक्सचेंज प्रोग्राम वीजा) के तहत विदेशी छात्रों के लिए वीजा प्रक्रिया दोबारा शुरू करेगा, लेकिन इसके साथ नई सख्त शर्तें लागू की जा रही हैं।

अब वीजा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स को सार्वजनिक करना होगा, ताकि उनकी ऑनलाइन गतिविधियों की गहन जांच की जा सके।

सोशल मीडिया की निगरानी अनिवार्य
बुधवार को जारी बयान में विदेश विभाग ने कहा, “हम एफ, एम और जे वीजा श्रेणी के आवेदकों की व्यापक समीक्षा करेंगे, जिसमें उनकी सोशल मीडिया गतिविधियां भी शामिल होंगी। इसके लिए आवेदकों को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल की प्राइवेसी सेटिंग्स को ‘पब्लिक’ करना आवश्यक होगा।”

वीजा कोई अधिकार नहीं, बल्कि विशेषाधिकार
विदेश विभाग ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी वीजा कोई अधिकार नहीं बल्कि एक विशेषाधिकार है। वीजा प्रक्रिया में राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि अमेरिका में प्रवेश करने वाले व्यक्ति की मंशा हमारे राष्ट्रीय हितों और नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की नहीं होनी चाहिए। सभी आवेदकों को यह सिद्ध करना होगा कि वे वीजा की शर्तों के अनुरूप गतिविधियों में शामिल होंगे।”

स्टूडेंट वीजा इंटरव्यू पर लगी रोक भी हटेगी
गौरतलब है कि बीते महीने विदेश विभाग ने संकेत दिए थे कि स्टूडेंट वीजा इंटरव्यू पर लगी अस्थायी रोक जल्द हटाई जा सकती है। आवेदकों को नियमित सेवाओं की बहाली और वीजा अपडेट्स के लिए वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई थी।

राजनीतिक माहौल का असर
ट्रंप प्रशासन के दौरान इजराइल-गाजा संघर्ष के बीच अमेरिकी कॉलेज परिसरों में बढ़ते राजनीतिक तनाव को देखते हुए विदेशी छात्रों की पृष्ठभूमि जांच और कड़ी कर दी गई थी। खासतौर पर यहूदी छात्रों की सुरक्षा और राजनीतिक गतिविधियों में विदेशी छात्रों की भागीदारी को लेकर कॉलेज प्रशासन पर भी सवाल उठे थे।

इस नई नीति से साफ है कि अमेरिका में वीजा पाने की प्रक्रिया अब और अधिक सख्त और निगरानी आधारित हो गई है। अगर आप अमेरिका में शिक्षा के लिए वीजा आवेदन करने की सोच रहे हैं, तो अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल्स की जानकारी और उनकी सार्वजनिक सेटिंग पर विशेष ध्यान देना होगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment