पटना: तेजस्वी यादव के घर के बाहर फायरिंग पर मचा हड़कंप, बोले – ‘एनडीए राज में अपराधियों के हौसले बुलंद’

Patna: Firing outside Tejashwi Yadav's house created a stir, he said - 'Criminals are emboldened in NDA rule'

पटना: बिहार की राजधानी पटना के पॉश इलाके पोलो रोड में हुई फायरिंग की घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी ने इस घटना के बहाने नीतीश कुमार सरकार को आड़े हाथों लिया और राज्य में कानून-व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “आज मेरे आवास के बाहर गोली चलाई/चलवाई गई है। एनडीए के राक्षस राज में सत्ता संरक्षित अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि हाई सिक्योरिटी ज़ोन में, जहां कुछ ही दूरी पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और न्यायाधीशों के आवास हैं, वहां खुलेआम फायरिंग हो रही है।”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “खबरदार! अगर कोई इसे ‘जंगलराज’ कहेगा तो? वैसे भी कल प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं, इसलिए गोदी मीडिया को सकारात्मक छवि बनाए रखनी है।”

हमले का मकसद था हत्या, बाल-बाल बचा निशाना
बताया जा रहा है कि पोलो रोड स्थित इस हाई सिक्योरिटी इलाके में अपराधी राहुल कुमार नामक व्यक्ति की हत्या की नीयत से आए थे। लेकिन निशाना चूक गया और अपराधी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो हमलावर बाइक पर सवार थे, जो वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, खासकर तब, जब यह इलाका राज्य की सबसे सुरक्षित जगहों में से एक माना जाता है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment