प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की तियानजिन में गर्मजोशी भरी मुलाकात, एससीओ शिखर सम्मेलन में दिखी गहरी कूटनीतिक साझेदारी

तियानजिन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के समापन के बाद एक खास अंदाज़ में द्विपक्षीय बैठक के लिए एक ही कार में सवार होकर मुलाकात की। इस दोस्ताना सफर और बातचीत की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर साझा करते हुए दी।

तस्वीर के साथ पीएम मोदी ने लिखा, “एससीओ शिखर सम्मेलन के बाद मैं और राष्ट्रपति पुतिन साथ में द्विपक्षीय बैठक के स्थान पर गए। उनके साथ बातचीत हमेशा ज्ञानवर्धक होती है।” यह मुलाकात भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को और भी प्रगाढ़ करती है।

शिखर सम्मेलन के दौरान एक अनौपचारिक क्षण में प्रधानमंत्री मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और राष्ट्रपति पुतिन की एक तस्वीर सामने आई, जिसमें तीनों नेता हँसते-मुस्कुराते नजर आए। यह दृश्य रूस के कजान में हुए ब्रिक्स सम्मेलन की याद दिलाता है, जहां इसी तरह की सौहार्दपूर्ण तस्वीरें सामने आई थीं।

एक अन्य वायरल फोटो में पुतिन बायीं ओर, मोदी बीच में और शी जिनपिंग दायीं ओर चलते हुए एससीओ फैमिली फोटो के लिए पोज देते दिखे। इस पर पीएम मोदी ने लिखा, “तियानजिन में मुलाकातें जारी। एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति शी के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया।”

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा साझा की गई एक और तस्वीर में वह और राष्ट्रपति पुतिन गर्मजोशी से हाथ मिलाते और गले मिलते नजर आए। इसके साथ उन्होंने लिखा, “राष्ट्रपति पुतिन से मिलना हमेशा खुशी की बात है।”

इसी दौरान एक दिलचस्प क्षण तब देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के पास से गुजरे, जो उस समय अकेले खड़े थे। दोनों नेता आपस में अनौपचारिक बातचीत में व्यस्त थे, जबकि शरीफ एकांत में कुछ उदास नजर आए। यह पल तब कैद हुआ, जब एससीओ सदस्य देशों के नेता तियानजिन में एकत्रित होकर समूह फोटो के लिए जा रहे थे।

इस पूरे घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सक्रिय भूमिका और रूस के साथ उसके मजबूत रिश्तों की झलक स्पष्ट रूप से दिखा दी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment