पटना: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप जल्द ही अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। बिहार के रोहतास जिले के बड्डी गांव निवासी आकाशदीप 24 जून को अक्षिता राज के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। शादी को लेकर परिवार, रिश्तेदारों और पूरे गांव में उत्साह का माहौल है। घर पर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और मेहमानों का आना-जाना भी शुरू हो चुका है।
आकाशदीप की होने वाली पत्नी अक्षिता राज बिहार के डेहरी-ऑन-सोन के मानिकपुर गांव की रहने वाली हैं। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां कई दिनों से चल रही हैं और समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है।
शादी का कार्यक्रम 21 जून से शुरू होगा। सबसे पहले आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी में तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्में संपन्न होंगी। 24 जून को बारात वाराणसी के एक फाइव स्टार होटल पहुंचेगी, जहां दोनों सात फेरे लेंगे।
परिवार के अनुसार, शादी में खेल जगत, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई खास मेहमान शामिल हो सकते हैं। समारोह को लेकर गांव के लोगों में भी खासा उत्साह है और सभी अपने स्टार क्रिकेटर की शादी का इंतजार कर रहे हैं।
इसी बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी आकाशदीप के पैतृक गांव पहुंचकर उन्हें वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दे चुके हैं। मुख्यमंत्री ने आकाशदीप और उनके परिवार से मुलाकात कर शादी की तैयारियों की जानकारी ली और नवदंपति के सुखद भविष्य की कामना की।
आकाशदीप ने अपनी तेज गेंदबाजी और शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय क्रिकेट में खास पहचान बनाई है। अब क्रिकेट के मैदान के बाद वह निजी जीवन में भी एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं। उनके विवाह को लेकर न सिर्फ परिवार बल्कि क्रिकेट प्रशंसकों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।