बिहार के सहरसा जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बेखौफ अपराधियों ने थार गाड़ी से जा रहे एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
मृतक की पहचान छोटू मिश्रा के रूप में हुई है, जो सदर थाना क्षेत्र के फकीर टोला का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार छोटू मिश्रा अपनी थार गाड़ी से किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उसे निशाना बना लिया। बदमाशों ने गाड़ी देखते ही उस पर कई राउंड गोलियां चला दीं। गोली लगने से छोटू मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि जिस दिन यह घटना हुई, उसी दिन जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन व्यस्त था। वहीं रात में कोशी महोत्सव का भी आयोजन था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। ऐसे में इस तरह की वारदात से जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
इस मामले में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक युवक का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और पुलिस उसके पुराने मामलों की भी जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।