रांची: झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को हुए एक बड़े ऑपरेशन में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान टॉप नक्सली कमांडर पप्पू लोहरा समेत दो नक्सलियों को मार गिराया। पप्पू लोहरा झारखंड जन्म मुक्ति परिषद का सरगना था और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बयान देते हुए कहा कि, “देश में माओवाद अब अंतिम सांसें ले रहा है। कई राज्यों में माओवादी और नक्सली गतिविधियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जा रहे हैं।”
आईजी ऑपरेशन अमोल होमकर ने बताया कि लातेहार पुलिस की विशेष टीम और स्थानीय पुलिस ने जंगलों में नक्सलियों की तलाश के लिए संयुक्त अभियान चलाया था। शनिवार सुबह सुरक्षा बलों की टीम जैसे ही आगे बढ़ी, नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ओर से भीषण मुठभेड़ हुई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो नक्सलियों को मार गिराया गया। मारे गए नक्सलियों की पहचान पप्पू लोहरा और प्रभात गंजू के रूप में हुई है। पप्पू पर ₹10 लाख और गंजू पर ₹5 लाख का इनाम घोषित था। इस ऑपरेशन के दौरान एक जवान भी घायल हुआ है, लेकिन उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
लातेहार पुलिस की इस कार्रवाई को नक्सल उन्मूलन अभियान में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।