नई दिल्ली: दिल्ली में रहने वाले लाखों झुग्गीवासियों के लिए शुक्रवार को एक राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक ऐतिहासिक और मानवीय निर्णय लेते हुए राजधानी में किसी भी झुग्गी-झोपड़ी को तोड़ने पर तत्काल रोक लगाने का ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक हर झुग्गी निवासी को पक्का मकान नहीं मिल जाता, तब तक किसी भी झुग्गी को हटाया नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस आदेश को लेकर दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), रेलवे और अन्य संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा, “अगर किसी झुग्गी को हटाना अत्यावश्यक है, तो पहले वहां के लोगों को पक्के घर दिए जाएंगे, फिर ही उन्हें स्थानांतरित किया जाएगा।”
सीएम रेखा गुप्ता ने इस मुद्दे पर दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से भी मुलाकात की और सरकार के रुख की जानकारी दी।
‘विकास भी, हरियाली भी’ नामक सेमिनार में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हम हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन देना चाहते हैं। हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि हर एक को छत मिले और कोई भी झुग्गी न टूटे। जरूरत पड़ी तो हम नीतियों में संशोधन करेंगे या अदालत भी जाएंगे, लेकिन अपने फैसले से पीछे नहीं हटेंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को बेहतर स्कूल, अस्पताल, सड़कें और साफ यमुना मिलनी चाहिए। यह निर्णय न सिर्फ झुग्गीवासियों को सम्मान देने वाला है, बल्कि राजधानी को एक न्यायपूर्ण और समावेशी विकास की ओर ले जाने वाला बड़ा कदम भी है।