गणतंत्र दिवस से पहले शिमला में सुरक्षा अलर्ट, डीसी कार्यालय को मिला धमकी भरा ईमेल

Security alert in Shimla ahead of Republic Day; DC office receives threatening email.

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गणतंत्र दिवस समारोह से पहले एक धमकी भरे ईमेल ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। उपायुक्त (डीसी) कार्यालय को मिले एक गुमनाम ईमेल में 26 जनवरी को मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने की स्थिति में आत्मघाती हमले की धमकी दी गई है। इस गंभीर चेतावनी के बाद पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर हैं।

डीसी कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई धमकी
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल उपायुक्त कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मेल ‘canyoutextmeback@gmail.com
’ नामक आईडी से भेजा गया था। ईमेल मिलते ही डीसी कार्यालय ने तत्काल इसकी सूचना एसएसपी कार्यालय के माध्यम से सदर थाना पुलिस को दी। संदेश की भाषा और विषयवस्तु दहशत फैलाने वाली बताई जा रही है।

अफवाह फैलाने और दहशत पैदा करने की आशंका
पुलिस का कहना है कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व से जुड़ी इस तरह की धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। हालांकि, शुरुआती तौर पर पुलिस को यह किसी शरारती तत्व द्वारा अफवाह फैलाने और लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश प्रतीत हो रही है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे संदेश देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को चुनौती देने का प्रयास होते हैं।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज, साइबर सेल जांच में जुटा
शिमला पुलिस ने सदर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 353(1)(b) और 152 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल तकनीकी जांच कर रहा है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आईपी एड्रेस ट्रेस किया जा रहा है।

पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment