नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 रिक्त सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया 1 जून से अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी।
आयोग के अनुसार, उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी, जबकि 11 जून तक नाम वापस लेने की अंतिम तारीख तय की गई है। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
यह चुनाव देश के 10 राज्यों की 24 सीटों पर कराया जाएगा। इन सीटों पर वर्तमान राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों में समाप्त हो रहा है।
आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा झारखंड में दो सीटों पर, जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट पर चुनाव होंगे।
राज्यसभा के जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें मल्लिकार्जुन खरगे, एच. डी. देवेगौड़ा, दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कूरियन और रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हैं।