नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों के लिए अपने नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। सूची में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई प्रमुख नेताओं को विभिन्न राज्यों से मैदान में उतारा गया है।
भाजपा ने बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार, असम से तेरश गोवाला और जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार तथा पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
इससे पहले 18 फरवरी को भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने 10 राज्यों से रिक्त हो रही 37 सीटों के लिए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी। आयोग के अनुसार, मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से की जाएगी।
आयोग ने बताया कि इन 10 राज्यों से निर्वाचित 37 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है। चुनावी प्रक्रिया के तहत अधिसूचना 26 फरवरी को जारी की गई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित है, जबकि 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए पूर्व-निर्धारित विशिष्टताओं वाले एकीकृत बैंगनी रंग के पेन का ही उपयोग किया जाएगा। किसी अन्य लेखन उपकरण की अनुमति नहीं होगी।
महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना से जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनकी रिक्तियों को भरने के लिए यह चुनाव कराया जा रहा है। आयोग ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती की भी घोषणा की है।