भोरे/गोपालगंज: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑल इंडिया प्रोग्रेसिव वुमेन्स एसोसिएशन (ऐपवा) ने गुरुवार को भोरे में जोरदार प्रतिवाद मार्च निकाला. मार्च के बाद भोरे चौराहे पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने महिला सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए.
राज्य अध्यक्ष सोहिला गुप्ता ने कहा कि बिहार में महिलाओं के खिलाफ लगातार हो रही घटनाएं यह साबित करती हैं कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह विफल है. उन्होंने कहा कि गोपालगंज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के राजापट्टी, कोईनी, बखरौर, सासामुसा और जानकीनगर में हाल के दिनों में बलात्कार और हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन राष्ट्रीय महिला आयोग पूरी तरह मौन है.
उन्होंने मांग किया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की वर्तमान अध्यक्ष तत्काल इस्तीफा दें, या उन्हें पद से हटाया जाए.
आयोग की स्वायत्तता और लोकतांत्रिक भूमिका सुनिश्चित की जाए. राष्ट्रीय महिला आयोग राष्ट्रीय स्तर पर महिला संगठनों की बैठक बुलाकर इन मुद्दों पर विमर्श करे.
राज्य महिला आयोग नियमित रूप से महिला संगठनों के साथ बैठक करें और उनके सुझावों के आधार पर न्याय सुनिश्चित करें.
जिन राज्यों में महिला आयोग के अध्यक्ष का पद रिक्त है, वहां सरकार महिला संगठनों की सलाह से तत्काल नियुक्ति करे.
सभा को सीता पाल, रामावती देवी, सरोज देवी, प्रभावती देवी, प्रियंका देवी और ज्ञानमती देवी सहित कई महिला नेताओं ने संबोधित किया. सभी वक्ताओं ने एक सुर में महिला आयोग की निष्क्रियता की निंदा की और महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की.