शिलांग/इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की गुत्थी को सुलझाने में मेघालय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब इस पूरे हत्याकांड की कड़ियाँ जोड़कर एक-एक राज़ से पर्दा उठा रही है।
जानकारी के मुताबिक, राजा की मौत दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई थी, लेकिन 2:15 बजे उनके सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट किया गया। पुलिस को शक है कि सोनम ने ही राजा के फोन से यह पोस्ट किया और फिर उसका फोन खाई में फेंक दिया, ताकि घटना को एक्सीडेंट या आत्महत्या के रूप में पेश किया जा सके।
मेघालय पुलिस की एसआईटी ने सोनम रघुवंशी सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के बीच आपसी संबंध और उनकी भूमिका को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस की पूछताछ में सोनम के खिलाफ कई अहम सबूत सामने आए हैं।
पूछताछ के दौरान सोनम से पूछे गए कुछ अहम सवाल:
- हनीमून का प्लान कब बनाया गया?
- वापसी की टिकट क्यों नहीं बुक की गई? क्या यह पहले से साजिश का हिस्सा था?
- क्या सोनम पहले से राज कुशवाह को जानती थी?
- हनीमून के दौरान राज से संपर्क में क्यों थीं और दोनों के बीच क्या बातचीत हो रही थी?
- लाइव लोकेशन आरोपियों के साथ क्यों साझा की गई थी?
- 22 मई को स्थानीय गाइड अल्बर्ट की सेवा लेने से क्यों इनकार किया गया?
- 23 मई को मावलाखियात में राजा और तीन हिंदी भाषी पुरुषों के साथ सोनम क्यों थीं?
- क्या इन लोगों को सोनम या राज ने हायर किया था?
- राजा की स्मार्टवॉच और फोन की लोकेशन इन लोगों से कैसे ओवरलैप हुई?
- राजा का 10 लाख रुपए का सोना क्यों गायब है जबकि सोनम की ज्वेलरी सुरक्षित मिली?
पुलिस का दावा है कि सोनम और राज कुशवाह के बीच करीबी संबंध थे और दोनों लगातार संपर्क में थे। रिकवर की गई चैट्स से पुष्टि हुई है कि हनीमून के दौरान भी दोनों संपर्क में थे।
राजा की मां के बयान ने भी शक गहराया
राजा की मां ने बयान दिया है कि उनका बेटा मेघालय नहीं जाना चाहता था, लेकिन सोनम के दबाव में गया। शादी के वीडियो में भी सोनम असहज और उदास दिख रही थीं।
अब तक की जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने सोनम और राज कुशवाह के खिलाफ हत्या की साजिश का मामला दर्ज कर लिया है। एसआईटी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस केस से जुड़ी और भी बड़ी जानकारी सामने आ सकती है।