पटना: बिहार की सियासत में अब औरंगजेब का मुद्दा गरमा गया है। औरंगजेब को लेकर सत्ताधारी गठबंधन के विधायक आपस में भिड़ गए हैं। इसी बीच, बीजेपी ने एक बड़ी मांग उठाई है। बीजेपी के फायरब्रांड विधायक ने बख्तियारपुर शहर का नाम बदलकर नीतीश नगर करने की मांग की है।
दरअसल, बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान औरंगजेब का मुद्दा चर्चा का केंद्र बन गया। जेडीयू के एमएलसी खालिद अनवर ने महाराष्ट्र विधानसभा में सपा विधायक अबू आजमी द्वारा औरंगजेब को महान शासक बताने वाले बयान का समर्थन किया। जेडीयू एमएलसी के इस बयान पर जहां बीजेपी ने विरोध जताया, वहीं जेडीयू ने भी इस बयान पर नाराजगी व्यक्त की है।
इसी बीच, बीजेपी विधायक हरिभूषण सिंह बचौल ने बख्तियारपुर का नाम बदलकर नीतीश नगर करने की मांग की। उन्होंने कहा कि औरंगजेब एक क्रूर शासक था जिसने लाखों हिंदुओं की हत्या की, हजारों महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया और सैकड़ों मंदिरों को तोड़वाया। ऐसे शासक के नाम पर जो भी नगर है, उसका नाम बदल दिया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि बख्तियारपुर का नाम बख्तियार खिलजी के नाम पर पड़ा था, जिसने नालंदा विश्वविद्यालय को जलाने का काम किया था। इसी कारण बख्तियारपुर का नाम बदला जाना चाहिए और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जो उसी इलाके से हैं, के योगदान को देखते हुए इस शहर का नाम नीतीश नगर रखा जाए। इसके अलावा, उन्होंने औरंगाबाद का नाम भी बदलने की मांग की और कहा कि मुगल शासकों के नाम पर जो भी नगर हैं, उनके नाम बदलने चाहिए।