बेंगलुरु: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चित्रदुर्ग के विधायक केसी वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने पिछले 24 घंटे में देशभर में 31 स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें करीब 12 करोड़ रुपये नकद, 6 करोड़ के गहने, 10 किलो चांदी, और चार लग्जरी वाहन जब्त किए गए हैं।
ईडी के बेंगलुरु ज़ोनल कार्यालय ने बताया कि यह छापेमारी 22 और 23 अगस्त को गंगटोक, चित्रदुर्ग, बेंगलुरु, हुबली, जोधपुर, मुंबई और गोवा सहित कई शहरों में की गई। जांच में सामने आया है कि केसी वीरेंद्र और उनके सहयोगी ‘किंग-567’ और ‘राजा567’ नामक अवैध ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट चला रहे थे।
ईडी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विधायक का भाई केसी थिप्पेस्वामी दुबई से तीन कंपनियां – डायमंड सॉफ्टेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज – चला रहा था, जो इन अवैध गतिविधियों से जुड़ी कॉल सेंटर सेवाएं और गेमिंग कारोबार से संबंधित हैं।
छापेमारी के दौरान ईडी ने:
- लगभग 12 करोड़ रुपये नकद, जिसमें 1 करोड़ की विदेशी मुद्रा शामिल है
- 6 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण
- 10 किलो चांदी के आइटम
- 4 लग्जरी गाड़ियां
- 17 बैंक खाते और 2 बैंक लॉकर फ्रीज किए
- कई संपत्ति संबंधी दस्तावेज जब्त किए
ईडी को जानकारी मिली है कि केसी वीरेंद्र और उनके सहयोगी दुबई से इस अवैध नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। इतना ही नहीं, विधायक खुद भी गंगटोक के एक कैसीनो को लीज पर लेने की योजना के तहत व्यापारिक यात्रा पर वहां गए थे।
प्रवर्तन निदेशालय ने कहा, “जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों से यह साफ है कि बड़ी मात्रा में नकद और अन्य फंड्स की जटिल व्यवस्था की गई थी।” शनिवार को ईडी ने गंगटोक से केसी वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है।