मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता के तलाक को लेकर बीते कुछ समय से चल रही अफवाहों पर अब अभिनेता के मैनेजर ने सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है और गोविंदा व सुनीता के बीच अब सब कुछ ठीक है।
मैनेजर शशि ने मीडिया से बात करते हुए बताया, “जो खबरें तलाक को लेकर सामने आ रही हैं, वे पुरानी घटनाओं पर आधारित हैं। हां, पहले कोर्ट में कुछ दस्तावेज जमा किए गए थे, लेकिन मामला बहुत पहले सुलझ चुका है। अब दोनों के बीच कोई समस्या नहीं है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह वही 2024 वाला केस है, जिसे सुनीता ने बांद्रा फैमिली कोर्ट में दाखिल किया था, तो उन्होंने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, “हां, वही केस था, लेकिन अब सब ठीक है। यह पुरानी बात है जिसे अब बेवजह ताजा खबर की तरह फैलाया जा रहा है।”
शशि ने आगे कहा, “मुझे लगातार कॉल्स आ रही हैं, लेकिन लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। कपल के बीच लगभग सारी बातें सुलझ चुकी हैं। हम जल्द ही एक आधिकारिक बयान भी जारी करेंगे।”
उन्होंने मीडिया में फैल रही गलत जानकारियों पर नाराजगी जताते हुए कहा, “क्या आपने गोविंदा को इस पर बोलते देखा है? इंडस्ट्री और मीडिया में कुछ लोग जानबूझकर गलतफहमी फैलाकर फायदा उठाना चाहते हैं। कोई मूर्ख व्यक्ति इस मुद्दे को तूल देकर चर्चा में आना चाहता है।”
गौरतलब है कि फरवरी 2025 में भी ऐसी खबरें सामने आई थीं कि सुनीता ने तलाक के लिए अर्जी दी है और कानूनी नोटिस भेजा है। वहीं, गोविंदा भी पिछले कुछ समय से निजी परेशानियों से गुजर रहे हैं। अक्टूबर में एक हादसे में उनके पैर में गोली लग गई थी, जो कि बंदूक की सफाई के दौरान हुआ।
मैनेजर के मुताबिक, अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और दोनों के रिश्ते में कोई दरार नहीं है।