पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। इस बार उन्होंने तेजस्वी यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें राजनीतिक हिम्मत है, तो लखीसराय से चुनाव लड़कर दिखाएं।
विजय सिन्हा ने कहा, “जंगलराज के युवराज को मेरी खुली चुनौती है! सदन की मर्यादा को अपशब्दों से रौंदने वाले, जनता की समस्याओं पर मौन रहने वाले और अपनी वंशवादी राजनीति पर गर्व करने वाले तेजस्वी यादव जी, अगर साहस है तो लखीसराय आकर चुनाव लड़िए।”
उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि “जो सोने की चम्मच लेकर पैदा हुए, चार्टर्ड प्लेन में जन्मदिन मनाते हैं, और जनता की धूल-मिट्टी से कोसों दूर रहते हैं, उन्हें भ्रम है कि सत्ता कोई खानदानी विरासत है। लेकिन 2025 का जनादेश उनके घमंड का अंतिम अध्याय साबित होगा।”
डिप्टी सीएम ने तेजस्वी पर लोकतंत्र की गलत परिभाषा अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा, “आपके लिए लोकतंत्र महज़ एक पारिवारिक दुकान है। लेकिन यह धरती आरामगाह नहीं, बल्कि जनता का रणक्षेत्र है। यहां जनबल चलता है, न कि खानदान का जादू। यहां कर्म बिकता है, तिकड़म नहीं।”
विजय सिन्हा ने आगे कहा कि 2025 में बिहार की जनता यह साबित करेगी कि सत्ता “वंश” नहीं बल्कि “कर्म” के आधार पर मिलती है। “तेजस्वी यादव को याद रखना चाहिए कि लखीसराय की मिट्टी घमंड को हर बार चूना लगाती है। अगर वास्तव में जनता की ताकत पर भरोसा है, तो मैदान में आओ और लोकतंत्र का असली पाठ खुद सीखो।”
इस बयान के बाद बिहार की सियासत और गरमा गई है। अब सबकी निगाहें तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।