बिहार चुनाव : 6 नवंबर को 121 सीटों पर मतदान, राबड़ी आवास में ‘लालटेन’ रोशन करने की तैयारी तेज

Bihar elections: Voting for 121 seats on November 6; preparations in full swing to light 'lantern' at Rabri's residence

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान कल, 6 नवंबर को होने जा रहा है। कुल 121 विधानसभा सीटों पर मतदाता 1314 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चरण के लिए 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी पूरी कर ली है।

वहीं, राजद (आरजेडी) खेमे में चुनाव से पहले ही जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। पार्टी मुख्यालय और राबड़ी देवी आवास पर लालटेन (पार्टी का चुनाव चिन्ह) को नया रूप दिया जा रहा है। आवास के मुख्य द्वार पर लगी बड़ी लालटेन को हरे रंग से रंगकर चमकाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, राबड़ी आवास में रंग-रोगन का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। माना जा रहा है कि यह तैयारी 14 नवंबर को लालटेन रोशन करने (संभावित जीत का जश्न) के लिए की जा रही है। आरजेडी और महागठबंधन को विश्वास है कि बिहार की जनता इस बार बदलाव करेगी और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।

इधर, राजद समर्थक भी बड़ी संख्या में लालू प्रसाद यादव से मिलने राबड़ी आवास पहुंच रहे हैं। वाराणसी से आए एक समर्थक वासुदेव ने बताया कि वह सिर पर जलती लालटेन लेकर लालू जी से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा,

“लालू जी पिछड़ी जातियों के मसीहा हैं। उनसे प्रभावित होकर ही हम आरजेडी का प्रचार यूपी में कर रहे हैं। इस बार बदलाव तय है — बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।”

मतदान का कार्यक्रम
पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान होगा। इनमें खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय और बक्सर शामिल हैं।

कुल 115 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी, जबकि 6 विधानसभा क्षेत्रों के 2,135 बूथों पर मतदान शाम 5 बजे तक ही संपन्न होगा। मतदान शुरू होने से पहले सुबह 5 बजे मॉक पोल बूथ लेवल एजेंटों की मौजूदगी में किया जाएगा।

बिहार की राजनीतिक सरगर्मी अब चरम पर है — जहां एक ओर मतदाता कल लोकतंत्र का उत्सव मनाएंगे, वहीं दूसरी ओर आरजेडी खेमे में जीत की लालटेन रोशन करने की तैयारी जोर-शोर से जारी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment