पटना: बिहार सरकार ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत अब पर्यटक हेलीकॉप्टर और छोटे विमान के जरिए पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक कम समय में पहुंच सकेंगे।
इन पर्यटन स्थलों के लिए मिलेगी हवाई सेवा
योजना के पहले चरण में पटना को राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों से जोड़ा गया है। सरकार का मानना है कि इससे धार्मिक, ऐतिहासिक और इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी।
पटना में मिलेगा हेलीकॉप्टर जॉय राइड का अनुभव
योजना के तहत पर्यटक और स्थानीय लोग पटना शहर के ऊपर हेलीकॉप्टर से जॉय राइड का भी आनंद ले सकेंगे। यह लगभग 10 मिनट की हवाई सैर होगी, जिसमें शहर को आसमान से देखने का अवसर मिलेगा।
कितना होगा किराया?
सरकार ने इस योजना के लिए रियायती किराया तय किया है। पटना जॉय राइड का किराया 2,100 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। वहीं, पटना-राजगीर का किराया 4,000 रुपये, पटना-वाल्मीकिनगर के लिए 5,000 रुपये और पटना-कैमूर के लिए 6,000 रुपये निर्धारित किया गया है। सरकार यात्रियों को सब्सिडी भी उपलब्ध करा रही है।
बुकिंग प्रक्रिया हुई शुरू
हेली टूरिज्म सेवा के लिए बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इच्छुक पर्यटक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी सीट बुक कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि कम समय में प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो और राज्य में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिले।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना से न केवल पर्यटकों की यात्रा आसान होगी, बल्कि पर्यटन उद्योग, स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। बेहतर हवाई संपर्क के जरिए बिहार के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।