चंडीगढ़: लॉरेंस गैंग ने पाकिस्तान में बैठे अंडरवर्ल्ड सरगना शहज़ाद भट्टी को खुली चुनौती दी है, स्पष्ट करते हुए कि भारत की धरती पर किसी विदेशी माफिया का दबदबा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह टकराव तब और तेज हुआ जब भट्टी के कथित नेटवर्क ने पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की।
कॉल रिकॉर्डिंग में खुली चुनौती
गोल्डी ढिल्लो: “दीपू भाई, जब से हमने भट्टी के ठिकाने पर धावा बोला, तब से वह अपने फ्लैट को छोड़कर गाड़ी में वीडियो बनाता है और टिकटॉक पर लाइव आता है। एक तरफ भट्टी रो रहा है कि मेरा पांच करोड़ रुपये वापस कर दो। मैं कहता हूं, अगर तुम इतने बड़े डॉन हो, तो आकर हमसे पांच करोड़ ले जाओ। आओ और हमें मारकर ले लो।”
दीपू: “अगर ऐसी बात है, तो प्रशासन से क्यों नहीं मांगता अपने पैसे? भट्टी खुद को डॉन बताता है और कहता है कि मैंने अपने हाथों से काम किए हैं। अगर तुममें जरा भी दम है, तो आकर मुझसे पैसा ले जाओ। पांच करोड़ तो दूर, भट्टी हमसे पांच रुपये ले ले, तब मानेंगे।”
पुलिस ने चेतावनी के साथ लिया मामले को गंभीरता से
पंजाब पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों ने इन वायरल संदेशों और कॉल रिकॉर्डिंग को अत्यंत गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी कीमत पर पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क को भारत में पैर जमाने नहीं दिया जाएगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अगर पाकिस्तानी तस्करी नेटवर्क और स्थानीय गिरोह आमने-सामने आते हैं, तो स्थिति गैंगवार की ओर बढ़ सकती है। इसीलिए निगरानी को और सख्त कर दिया गया है और अब तक के ऑपरेशनों को तेज कर दिया गया है।