दिल्ली के द्वारका जिले के उत्तम नगर थाना क्षेत्र स्थित ओम विहार फेस-1 में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी देवर के साथ मिलकर अपने पति की साजिश के तहत हत्या कर दी। पति की मौत के बाद वह मासूम बनकर परिजनों को गुमराह करती रही, लेकिन अंततः सच सामने आ ही गया।
नींद की गोलियों से बेहोश कर दी बिजली से मौत
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी (जो मृतक के चाचा का बेटा है) ने मिलकर पहले पति करण को रात के खाने में 15 नींद की गोलियां दीं। जब वह बेहोश हो गया, तो दोनों ने उसे बिजली का झटका देकर हत्या कर दी। इसके बाद महिला अपने पास ही रहने वाले ससुराल वालों के पास पहुंची और बताया कि करण की तबीयत अचानक बिगड़ गई है।
परिजन करण को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) में मौत का कारण बिजली का झटका बताया गया।
भाई को हुआ शक, पुलिस जांच में हुआ खुलासा
करण के छोटे भाई कुणाल देव को उसकी मौत पर शक हुआ और उसने पुलिस से संपर्क किया। जांच में पुलिस को महिला और उसके प्रेमी के बीच की चैट्स मिलीं, जिसमें हत्या की पूरी साजिश रची गई थी।
चैट्स से यह भी पता चला कि दोनों काफी समय से प्रेम संबंधों में थे और करण की हत्या की योजना बना रहे थे। इतना ही नहीं, दोनों ने गूगल पर नींद की गोलियों से मौत का समय भी सर्च किया था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें महिला ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने मिलकर करण को मारने की पूरी योजना पहले से बना ली थी।
हत्या के बाद भी महिला ने प्रेमी से कहा कि वह थोड़ी देर सोना चाहती है, क्योंकि दोनों को यकीन था कि अब करण नहीं बचेगा।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि रिश्तों में छिपा धोखा कितना खतरनाक रूप ले सकता है।