पहलगाम हमले के बाद एयरलाइंस को नागरिक उड्डयन मंत्रालय की एडवाइजरी – टिकट रद्दीकरण शुल्क माफ करें, उड़ानों की संख्या बढ़ाएं

Civil Aviation Ministry's advisory to airlines after Pahalgam attack - waive ticket cancellation charges, increase number of flights

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पैदा हुए हालात को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि एयरलाइंस यात्रियों से टिकट रद्दीकरण और रीशेड्यूलिंग शुल्क माफ करने पर विचार करें और साथ ही उड़ानों की संख्या बढ़ाकर फंसे हुए पर्यटकों की मदद करें।

डीजीसीए द्वारा जारी परामर्श में कहा गया है कि हमले के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक अपने घर लौटना चाहते हैं, जिससे हवाई यात्रा की मांग में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। ऐसी स्थिति में एयरलाइनों से कहा गया है कि वे श्रीनगर से देश के विभिन्न हिस्सों तक निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करें ताकि पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जा सके।

एडवाइजरी में यह भी अनुरोध किया गया है कि एयरलाइंस रद्दीकरण और पुनर्निर्धारण शुल्क को माफ करने पर गंभीरता से विचार करें और इस कठिन समय में यात्रियों को अधिकतम सहायता दें।

इस बीच, इंडिगो एयरलाइंस ने भी स्थिति को देखते हुए एक आधिकारिक एडवाइजरी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा की है। इसमें कहा गया है कि श्रीनगर और जम्मू से यात्रा करने वाले ग्राहकों की सहायता के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। इंडिगो ने यात्रियों को राहत देते हुए 22 अप्रैल तक की गई बुकिंग पर 30 अप्रैल तक रीशेड्यूलिंग और रद्दीकरण शुल्क में छूट देने की घोषणा की है।

इसके अलावा, इंडिगो ने आज यानी 23 अप्रैल को श्रीनगर से और श्रीनगर के लिए दो विशेष उड़ानों के संचालन की भी जानकारी दी है, जिनमें से एक दिल्ली से और दूसरी मुंबई से है।

गौरतलब है कि मंगलवार को पहलगाम की बैसारन घाटी में पर्यटकों पर आतंकियों ने हमला कर दिया था, जिसमें बड़ी संख्या में मासूम लोगों की जान चली गई। इस नृशंस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के विंग ‘द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF)’ ने ली है। हमले की देश और दुनिया भर में कड़ी निंदा हो रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment