बेतिया (चौथी वाणी): बेतिया/मझौलिया के रामनगर प्रखंड निवासी शुभम जायसवाल को 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर मार्केटिंग ऑफिसर के पद पर चयनित होने पर चंपारण रेंज के डीआईजी ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने शुभम की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संघर्ष, अनुशासन और समर्पण की सराहना
डीआईजी ने शुभम के संघर्ष, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि यह सफलता यात्रा का अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। साथ ही शुभम को आगे भी निरंतर मेहनत करते हुए और बड़ी सफलताएं हासिल करने का संदेश दिया।
नौकरी छोड़कर चुना प्रतियोगी परीक्षाओं का रास्ता
शुभम जायसवाल ने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2020 से 2022 तक एआरबी ट्रेडिंग में कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरी तरह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का कठिन मार्ग चुना और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत की।
सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को दिया
अपनी सफलता पर शुभम जायसवाल ने कहा, “यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं है। इसमें मेरे माता-पिता, परिवार, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों का महत्वपूर्ण योगदान है।” उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और प्रेरणा की बदौलत ही वह इस मुकाम तक पहुंच सके।