नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर अपने व्यंग्यात्मक और तीखे राजनीतिक पोस्ट्स के जरिए तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को बड़ा झटका लगा है। इस सैटायरिकल संगठन के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया यूजर्स और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
इंस्टाग्राम पर BJP से भी आगे निकला था पेज
बीते कुछ समय में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स जुटाए थे। खासतौर पर इंस्टाग्राम पर इस पेज की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और इसके फॉलोअर्स 13 मिलियन यानी 1.3 करोड़ से अधिक पहुंच गए। दिलचस्प बात यह रही कि फॉलोअर्स के मामले में इस व्यंग्यात्मक पेज ने Bharatiya Janata Party को भी पीछे छोड़ दिया था।
इसी बढ़ती लोकप्रियता के बीच एक्स अकाउंट पर प्रतिबंध लगाए जाने से यूजर्स के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
संस्थापक अभिजीत दिपके ने उठाए सवाल
इस कार्रवाई की जानकारी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक Abhijeet Dipke ने खुद सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने एक स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए लिखा, “जैसा कि पहले से उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट आखिरकार भारत में रोक दिया गया है।”
उनकी इस पोस्ट के बाद समर्थकों और सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी तेजी से सामने आने लगीं।
कानूनी मांग के बाद लिया गया एक्शन
वर्तमान में एक्स पर @CJP_2029 हैंडल सर्च करने पर ‘Account Withheld’ का संदेश दिखाई दे रहा है। एक्स की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि यह कार्रवाई एक कानूनी मांग (Legal Demand) के जवाब में की गई है। फिलहाल यह प्रतिबंध केवल भारत के भीतर लागू किया गया है, जबकि अन्य देशों में अकाउंट की स्थिति को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।_