इंदौर: द हंड्रेड लीग में काव्या मारन की सनराइजर्स लीड्स द्वारा पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को टीम में शामिल किए जाने के फैसले का विरोध लगातार तेज हो रहा है। सोशल मीडिया पर भी इस फैसले को लेकर सनराइजर्स लीड्स के बहिष्कार की मांग उठ रही है।
इस मामले में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेटरों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और भारत का पैसा भारत में ही रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर भारत का पैसा बाहर जाएगा तो उसी धन से पाकिस्तान भारत के खिलाफ हथियार और मिसाइलें खरीद सकता है।
इंदौर में आयोजित सनातन प्रीमियर लीग के दौरान मीडिया से बातचीत में अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी अनेक खेल खेले थे और खेलों से युवाओं का शारीरिक विकास होता है। सनातन प्रीमियर लीग न केवल बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि उनके भविष्य को भी बेहतर बनाने में मदद करती है।
पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को टीम में शामिल किए जाने पर उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को ज्यादा अवसर मिलना चाहिए। इससे देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम आगे बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह समझ से परे है कि भारत के कुछ लोगों को पाकिस्तान से इतना लगाव क्यों है और वे भारतीय खिलाड़ियों को मौका क्यों नहीं देना चाहते।
इस मौके पर कथावाचक देवकीनंदन महाराज भी सनातन प्रीमियर लीग में युवाओं और बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि बच्चों को खेलते हुए देखकर ऐसा नहीं लगता कि वे पहली बार मैदान में उतरे हैं। उनके भीतर काफी प्रतिभा है, बस उन्हें सही मंच मिलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि पहले आयोजन को लोगों का अच्छा समर्थन मिला तो हर वर्ष बच्चों के लिए सनातन प्रीमियर लीग का आयोजन किया जाएगा।
गौरतलब है कि इंदौर में आयोजित सनातन प्रीमियर लीग 12 से 15 मार्च तक चलेगी। इस प्रतियोगिता में कई राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया है और विजेता टीम को 31 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि दी जाएगी।