गोपालगंज जिले में अवैध शराब के खिलाफ जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की देशी और विदेशी शराब का विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त निगरानी में की गई, जिसमें विभिन्न थानों और उत्पाद विभाग के मामलों में जब्त शराब को एक साथ नष्ट किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों और उत्पाद विभाग की कार्रवाई के दौरान जब्त कुल 119 मामलों की करीब 11,050 लीटर देशी और विदेशी शराब का विनष्टीकरण किया गया। इनमें उत्पाद विभाग के 36 मामले और विभिन्न थानों के 83 मामले शामिल हैं। यह पूरी प्रक्रिया कुचायकोट थाना क्षेत्र के बल्थरी चेक पोस्ट के पास चिन्हित स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। शराब को पहले एकत्र किया गया, इसके बाद नियमानुसार गड्ढा खोदकर बुलडोजर की मदद से उसका नष्टिकरण किया गया, ताकि भविष्य में इसके दुरुपयोग की कोई संभावना न रहे।
कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। उत्पाद अधीक्षक अमित झा ने बताया कि कुल 119 कांडों में जब्त लगभग 11,050 लीटर शराब का विनष्टीकरण किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पूरी कार्रवाई पारदर्शिता और प्रशासनिक निगरानी में की गई है तथा आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
उत्पाद विभाग के अनुसार, जिले में अवैध शराब के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है और जब्त शराब को समय-समय पर नियमों के तहत नष्ट किया जाता है। गौरतलब है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद तस्कर अवैध तरीके से शराब की तस्करी का प्रयास करते रहते हैं। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई अवैध कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।