नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 (Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025) के लिए आज राजधानी दिल्ली में मतदान होने जा रहा है। 70 सीटों पर 699 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने के लिए 1.56 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपनी वोटिंग का अधिकार इस्तेमाल करेंगे।
‘आप’ तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा और कांग्रेस अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए चुनावी मैदान में हैं। मतदान सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अर्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां, 35,626 पुलिसकर्मी और 19,000 होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा, 3,000 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी, और मतदान की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए कतार प्रबंधन के लिए QMS ऐप को शुरू किया गया है।
‘घर से मतदान’ योजना के तहत 6,980 मतदाता पहले ही वोट डाल चुके हैं। चुनाव प्रचार के दौरान, ‘आप’ ने मुफ्त सुविधाओं पर जोर दिया, भाजपा ने भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे उठाए, जबकि कांग्रेस ने बेरोजगारी भत्ते का वादा किया।
8 फरवरी को चुनाव के नतीजे सामने आएंगे, जो यह तय करेंगे कि दिल्ली में ‘आप’ की सत्ता बरकरार रहेगी या फिर कोई बदलाव आएगा।