दिल्ली विधानसभा चुनाव: BJP ने जारी किया संकल्प पत्र, महिलाओं और गरीबों के लिए कई योजनाओं का वादा

Delhi Assembly Elections: BJP releases manifesto, promises several schemes for women and the poor

नई दिल्ली: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं, और इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। संकल्प पत्र का पहला भाग जारी करते हुए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उनका उद्देश्य संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ना है। उन्होंने इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण और समाज के हर वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता देने की बात कही।

जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र के अंतर्गत महिलाओं के लिए एक बड़ी योजना का ऐलान करते हुए कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आई, तो महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, एलपीजी सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी देने का भी वादा किया गया है।

संकल्प पत्र की प्रमुख बातें:

  1. एलपीजी सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी
  2. होली और दिवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त मिलेगा
  3. महिला समृद्धि योजना: महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये दिए जाएंगे
  4. गर्भवती महिलाओं के लिए 21,000 रुपये की सहायता
  5. न्यूट्रीशनल किट प्रदान की जाएगी
  6. स्वास्थ्य बीमा योजना: 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त स्वास्थ्य बीमा मिलेगा
  7. आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में लागू किया जाएगा
  8. अटल कैंटीन योजना शुरू की जाएगी
  9. झुग्गियों में 5 रुपये में राशन उपलब्ध होगा
  10. वरिष्ठ नागरिकों को 3,000 रुपये तक की पेंशन दी जाएगी

महिला सम्मान योजना से अलग ‘महिला समृद्धि योजना’

जेपी नड्डा ने स्पष्ट किया कि BJP की ‘महिला समृद्धि योजना’ दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की ‘महिला सम्मान योजना’ से अलग है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में महिलाओं को 2,100 रुपये प्रति माह देने का वादा किया है, जबकि कांग्रेस ने महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह देने का वादा किया है।

संकल्प पत्र का दूसरा और तीसरा भाग भी होगा जारी

जेपी नड्डा ने यह भी बताया कि BJP आने वाले दिनों में संकल्प पत्र का दूसरा और तीसरा भाग भी जारी करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आई, तो वह सभी मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखेगी।

संकल्प पत्र जारी करते हुए नड्डा ने कहा, “साल 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले घोषणापत्र की कोई चर्चा नहीं करता था, लेकिन अब यह एक प्रतिबद्धता दस्तावेज बन चुका है, और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता और प्रयासों का परिणाम है।”

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment