उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू, थावरचंद गहलोत और ओम माथुर दौड़ में आगे

Election process for the post of Vice President begins, Thawarchand Gehlot and Om Mathur are ahead in the race

नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद निर्वाचन आयोग ने नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने कहा है कि चुनाव की तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी और तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं।

इस बीच, भाजपा ने इस महत्वपूर्ण पद के लिए पार्टी विचारधारा के प्रति समर्पित नेता को उम्मीदवार बनाए जाने के संकेत दिए हैं। जिन नामों पर विचार चल रहा है, उनमें कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वहीं, सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर का नाम भी चर्चा में है।

चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल, रिटर्निंग ऑफिसर, और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आयोग की तैयारियों के बीच भाजपा की रणनीति यह होगी कि वह इस पद के लिए अपने उम्मीदवार का नाम आगे बढ़ाए और फिर उस पर सहयोगी दलों की सहमति हासिल करे, बजाय इसके कि किसी अन्य गठबंधन सहयोगी को उम्मीदवार बनाए।

गौरतलब है कि 21 जुलाई की रात जगदीप धनखड़ ने अचानक देश के 14वें उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। 74 वर्षीय धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक निर्धारित था, लेकिन उनके अप्रत्याशित इस्तीफे से उपराष्ट्रपति पद खाली हो गया है।

अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि भाजपा किस नाम पर मुहर लगाती है और उपराष्ट्रपति पद की नई राजनीतिक तस्वीर कैसी होगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment