पटना: राजधानी पटना में रविवार शाम मेट्रो प्रोजेक्ट के अस्थाई कार्यालय में अचानक आग लग गई। यह घटना मोइनुल हक स्टेडियम परिसर के गेट नंबर 1 स्थित कार्यालय में हुई। आग लगने के दौरान कार्यालय में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
फायर अफसर गयानंद सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पटना सिटी, कंकड़बाग और लोदीपुर से करीब एक दर्जन फायर ब्रिगेड यूनिट्स को मौके पर भेजा गया। दमकल की 10 गाड़ियों और लगभग 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है।
प्रशासन ने जांच के आदेश दिए
बहादुरपुर थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि मेट्रो कार्यालय में आग लगने की जानकारी मिली थी, लेकिन अभी तक थाने में किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रशासन ने इस घटना की जांच का आदेश दे दिया है और कार्यालय में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के रोड शो के कारण विभाग था अलर्ट
घटना के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पटना में रोड शो था, जिसके चलते सुरक्षा और दमकल विभाग पहले से ही अलर्ट पर थे। इसी वजह से आग लगने की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक लिया।