गयाजी (बिहार) : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गयाजी में मतदाताओं से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि पहले चरण की तरह ही दूसरे चरण में भी जनता उत्साह और एकजुटता के साथ वोटिंग करे, ताकि राज्य में विकास की गति बनी रहे।
मांझी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “बिहार की जनता से मेरा निवेदन है कि डबल इंजन की सरकार जिस तरह काम कर रही है, उसी के कारण विकास के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। सड़कें, बिजली, गरीब कल्याण योजनाएं – हर क्षेत्र में बेहतरीन काम हो रहा है। इस प्रगति को कायम रखने के लिए एनडीए को समर्थन दें।”
उन्होंने चेतावनी दी कि गलती हुई तो विकास यात्रा पटरी से उतर जाएगी, काम अधूरे रहेंगे और बिहार फिर पुरानी स्थिति में पहुंच जाएगा। मांझी ने जोर दिया कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को सुरक्षित करने का है। पिछले वर्षों में बिहार की प्रगति पूरे देश के लिए उदाहरण बन चुकी है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मांझी ने कहा, “दूसरे लोग बिहार के लिए कुछ नहीं करेंगे। सारे विकास कार्य एनडीए सरकार में हुए हैं। जो बड़े वादे कर रहे हैं, वे पहले बताएं कि अपने समय में क्या किया था।”
डबल इंजन सरकार के कारण गांव-गांव बिजली, सड़कें और गरीबों को सीधा लाभ मिल रहा है। बिहार पुराने दिनों से बहुत आगे निकल चुका है, लेकिन यह रफ्तार तभी बनी रहेगी जब जनता समझदारी से वोट दे।
मांझी ने महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से लोकतंत्र के पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने और जरूर मतदान करने की अपील की।
गयाजी सहित बिहार के कई जिलों में दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक 14.55 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो पहले चरण से थोड़ा अधिक है।