गोपालगंज: लापता हार्डवेयर व्यवसायी का शव गंडक नदी से बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Gopalganj: Body of missing hardware businessman recovered from Gandak river, family members suspect murder

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार से लापता 25 वर्षीय हार्डवेयर व्यवसायी रवीश कुमार पटेल का शव शनिवार सुबह गंडक नदी से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रवीश कुमार पटेल की लोहे के वेल्डिंग और हार्डवेयर की दुकान बरौली के मिर्जापुर में थी। वह शुक्रवार सुबह घर से दुकान के लिए निकले थे, लेकिन दिनभर लौटे नहीं। खोजबीन के बाद देर शाम परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना बरौली थाना को दी। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गंडक नदी में एक युवक का शव तैरते देखा, जिसकी पहचान रवीश के रूप में हुई।

परिजनों का आरोप है कि रवीश को किसी अनजान जगह बुलाकर बेरहमी से पीटा गया और फिर उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया। उनका दावा है कि शव में डूबने के कोई स्पष्ट लक्षण नहीं हैं, जिससे यह साबित होता है कि हत्या पहले की गई और फिर शव नदी में डाला गया।

बरौली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इस संबंध में एसडीपीओ अभय कुमार रंजन ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment