हिजाब विवाद: नीतीश कुमार के खिलाफ तीन राज्यों में एफआईआर की मांग, बिहार में नहीं दी गई शिकायत

Hijab controversy: FIRs demanded against Nitish Kumar in three states, but no complaint filed in Bihar.

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान एक महिला चिकित्सक का हिजाब खींचने के मामले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भारी विवाद में घिर गए हैं। इस घटना को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग करते हुए तीन राज्यों में पुलिस को आवेदन दिए गए हैं, हालांकि इसमें बिहार शामिल नहीं है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या अन्य राज्यों की पुलिस बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ जांच या कार्रवाई करेगी।

तीन राज्यों में दी गई शिकायत
नीतीश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और झारखंड में पुलिस को शिकायत दी गई है। सबसे पहले बेंगलुरु और फिर लखनऊ में शिकायत पत्र सौंपा गया, इसके बाद अब झारखंड की राजधानी रांची में भी आवेदन दिया गया है।

रांची के इटकी थाना क्षेत्र में खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले मो. मुर्तजा आलम ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अपने आवेदन में उन्होंने कहा है कि हिजाब से जुड़ा यह मामला अब व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सार्वजनिक डोमेन का विषय बन चुका है। धार्मिक पोशाक के साथ सार्वजनिक मंच पर किया गया ऐसा व्यवहार आपत्तिजनक है और महिला की गरिमा पर सीधा हमला है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

लखनऊ में भी हो चुकी है शिकायत
इससे पहले लखनऊ में समाजवादी पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता और शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। कैसरबाग थाने में दिए गए आवेदन में उन्होंने नीतीश कुमार के साथ-साथ यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की थी।

सुमैया राणा ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच पर एक महिला का हिजाब खींचना बेहद शर्मनाक है और यह मुख्यमंत्री के मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। उन्होंने मंत्री संजय निषाद के बयान को भी आपत्तिजनक बताते हुए शिकायत में शामिल किया।

कैसे शुरू हुआ विवाद
यह विवाद पिछले सोमवार को उस समय सामने आया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र वितरित करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक महिला डॉक्टर नुसरत को नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद खुद उनके हिजाब को हटाया। इस दौरान डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नीतीश कुमार को रोकने के प्रयास में उनकी आस्तीन खींचते नजर आए। हिजाब हटाए जाने से महिला असहज हो गई और मौके पर मौजूद कुछ लोग हंसते भी दिखाई दिए, जिसके बाद यह मामला तूल पकड़ गया।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment