होशियारपुर: मूक-बधिर लोगों के लिए केंद्र सरकार ने जारी किया विशेष व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर

Hoshiarpur: Central government issued special WhatsApp helpline number for deaf and dumb people

होशियारपुर: पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने एक सराहनीय पहल करते हुए मूक-बधिर व्यक्तियों की कठिनाइयों को देखते हुए केंद्र सरकार से व्हाट्सएप आधारित हेल्पलाइन नंबर जारी करने की मांग की थी, जो अब स्वीकार कर ली गई है। अब देशभर के मूक-बधिर नागरिक बिना किसी की सहायता के आपातकालीन स्थिति में सरकार से संपर्क कर सकेंगे।

अविनाश राय खन्ना ने बताया कि मूक-बधिर लोग न बोल सकते हैं और न ही सुन सकते हैं, जिसके कारण वे न तो आपात स्थिति में अपनी परेशानी साझा कर पाते हैं और न ही हेल्पलाइन पर दिए गए निर्देश समझ पाते हैं। उन्होंने कहा, “हालांकि सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, लेकिन वे मूक-बधिर लोगों के लिए प्रभावी नहीं थे।”

पूर्व सांसद ने बताया कि उन्होंने इस विषय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय संचार मंत्रालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, और लोकसभा याचिका समिति को पत्र लिखकर इस समस्या का समाधान निकालने की गुहार लगाई थी।

खन्ना ने खुशी जताते हुए बताया कि उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप केंद्र सरकार ने मूक-बधिर लोगों के लिए व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8929667579 जारी कर दिया है। साथ ही, www.depwd.gov.in वेबसाइट पर एक QR कोड भी उपलब्ध कराया गया है, जिसे स्कैन कर वे सीधे वेबसाइट से जुड़ सकते हैं।

खन्ना ने इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी और संबंधित मंत्रालयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “अब मूक-बधिर नागरिक बिना किसी की मदद के आपात स्थिति में अपनी समस्या सरकार तक पहुंचा सकेंगे। यह कदम समावेशी समाज की ओर एक बड़ा और सराहनीय प्रयास है।”

यह व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर मूक-बधिर लोगों को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment