बेतिया/आशीष पाण्डेय(चौथी वाणी): बेतिया रेलवे स्टेशन पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के कारण 30 जून से 3 जुलाई 2026 तक ट्रेनों के परिचालन में व्यापक बदलाव किया गया है। पूर्व मध्य रेलवे ने बताया कि प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (Pre-NI) और नॉन इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के चलते कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, कई का मार्ग परिवर्तित किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है।
रेलवे के अनुसार, 2 और 3 जुलाई को ट्रेन संख्या 63342 नरकटियागंज–मुजफ्फरपुर तथा 63309 मुजफ्फरपुर–नरकटियागंज पैसेंजर रद्द रहेंगी। वहीं 3 जुलाई को 63341 मुजफ्फरपुर–नरकटियागंज ट्रेन का परिचालन भी नहीं होगा।
कुछ ट्रेनों का आंशिक संचालन किया जाएगा। 1 जुलाई को 14010 आनंद विहार–बापूधाम मोतिहारी एक्सप्रेस केवल नरकटियागंज तक चलेगी, जबकि 2 जुलाई को 14009 आनंद विहार एक्सप्रेस नरकटियागंज से ही रवाना होगी। इसी तरह 3 जुलाई को 15215 मुजफ्फरपुर–नरकटियागंज ट्रेन सिर्फ सुगौली तक जाएगी और 15216 सुगौली से मुजफ्फरपुर के लिए प्रस्थान करेगी।
इसके अलावा 15568, 15052, 15705, 15212, 04623, 15211, 12558, 15273 तथा 19038 सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन निर्धारित तिथियों पर परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। इनमें कुछ ट्रेनों को सिकटा, रक्सौल, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा और गोरखपुर मार्ग से चलाया जाएगा।
वहीं 3 जुलाई को 12211 मुजफ्फरपुर–आनंद विहार गरीबरथ एक्सप्रेस दो घंटे तथा 12557 मुजफ्फरपुर–आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से रवाना होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 या आधिकारिक माध्यमों से समय और मार्ग की पुष्टि कर अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।