बेतिया (चौथी वाणी)। पश्चिम चंपारण के कंगली थाना क्षेत्र के इनरवा गांव में सातवीं कक्षा के छात्र सोनू पटेल की संदिग्ध मौत ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। बीसीएम स्कूल का छात्र एवं इनरवा निवासी दीनानाथ पटेल का पुत्र सोनू मंगलवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद रोज की तरह घर लौटने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि रास्ते में बाइक सवार कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था।
बुधवार सुबह छात्र का शव नहर से बरामद होने की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घटना को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम स्वयं कंगली थाना पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की, क्षेत्र की विधि-व्यवस्था का जायजा लिया और शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून के तहत त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इधर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के कारण, कथित अपहरण की परिस्थितियों और अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की हर पहलू से जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच के बाद पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।