भारत ने ईरान-इजरायल तनाव पर जताई गहरी चिंता, संयम और संवाद की अपील

India expressed deep concern over Iran-Israel tension, appealed for restraint and dialogue

नई दिल्ली: भारत सरकार ने ईरान और इजरायल के बीच बीती रात हुए घटनाक्रम पर गहरी चिंता जाहिर की है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए दोनों देशों से संयम बरतने और कूटनीतिक माध्यमों से समाधान निकालने की अपील की है।

बयान में कहा गया, “हम ईरान और इजरायल के बीच हाल की घटनाओं से अत्यंत चिंतित हैं। विशेष रूप से परमाणु स्थलों पर हुए कथित हमलों को लेकर जो रिपोर्टें सामने आ रही हैं, हम स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।”

भारत ने दोनों पक्षों से किसी भी प्रकार की स्थिति को और अधिक बिगाड़ने वाले कदमों से बचने की सलाह दी है। साथ ही कहा गया कि मौजूदा संवाद और कूटनीति के माध्यमों का उपयोग कर तनाव को कम किया जाना चाहिए और मूल मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान खोजा जाना चाहिए।

बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि भारत का ईरान और इजरायल दोनों के साथ मैत्रीपूर्ण और घनिष्ठ संबंध हैं और वह क्षेत्र में शांति बहाली के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।

विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी भी दी कि दोनों देशों में स्थित भारतीय मिशन वहां रह रहे भारतीय समुदाय के संपर्क में हैं। क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करें।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment