नीतीश कुमार के इस्तीफे पर ललन सिंह का भावुक संदेश, ‘विकास यात्रा का अहम अध्याय समाप्त’

Lalan Singh's Emotional Message on Nitish Kumar's Resignation: 'A Pivotal Chapter of the Journey of Development Concludes'

पटना— नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद सियासी हलचल के बीच उनके करीबी नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भावुक प्रतिक्रिया दी है।

ललन सिंह ने अपने संदेश में लिखा कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के साथ बिहार की विकास यात्रा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और भावनात्मक अध्याय पूर्ण हो गया है। उन्होंने इसे केवल एक पद का त्याग नहीं, बल्कि वर्षों की तपस्या, समर्पण और जनसेवा के एक युग का विराम बताया।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में नीतीश कुमार का नाम ‘नव बिहार’ के निर्माण के एक कुशल शिल्पकार के रूप में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। ललन सिंह ने यह भी कहा कि ‘न्याय के साथ विकास’ के मूल मंत्र को अपनाते हुए नीतीश कुमार ने सुशासन की मिसाल कायम की और राज्य में कानून का राज स्थापित कर हर वर्ग में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत किया।

ललन सिंह के अनुसार, नीतीश कुमार एक दूरदर्शी नेता और कुशल प्रशासक रहे हैं, जिन्होंने बिहार को नई पहचान दिलाई और समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा एक भावुक क्षण है, जिसने उन सभी लोगों के दिल को छू लिया है, जिन्होंने बिहार के इस बदलाव को करीब से देखा और महसूस किया।

इससे पहले खुद नीतीश कुमार ने भी इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2005 में एनडीए सरकार बनने के बाद से राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ और लगातार विकास कार्य किए गए।

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने समाज के हर वर्ग—हिंदू, मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और महादलित—के लिए समान रूप से काम किया। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि जैसे क्षेत्रों में व्यापक विकास हुआ, साथ ही महिलाओं और युवाओं के लिए भी कई योजनाएं चलाई गईं।

उन्होंने आगे बताया कि 2025 से 2030 के लिए ‘7 निश्चय-3’ योजना बनाई गई है, जिससे राज्य के विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए नरेन्द्र मोदी का आभार भी जताया।

नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक जनता की सेवा की है और अब उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने नई सरकार को पूरा सहयोग और मार्गदर्शन देने की बात कही और राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं, उनके ट्वीट का जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका विश्वास और समर्थन आगे के कार्यों के लिए ऊर्जा प्रदान करता रहेगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment